उत्तर प्रदेशकानपुरक्राइमबड़ी खबरब्रेकिंग
उन्नाव: पुलिस से झड़प के बाद और हिंसक हुए किसान, पाइपों में लगाई आग

उन्नाव में ट्रांस गंगा सिटी परियोजना में मुआवजे की मांग को लेकर भड़के किसानों का प्रदर्शन अब और हिंसक हो गया है। रविवार को आक्रोशित किसानों पावर सब-स्टेशन के पास रखे पाइपों में आग लगा दी। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई। किसानों ने आरोप लगाया कि यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्प की ट्रांस गंगा सिटी परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के लिए उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया।
प्रदर्शकारी किसानों की मांग है कि उन्हें उनकी जमीन का उचित मुआवजा दिया जाए। पुलिस और किसानों के बीच झड़प को लेकर उन्नाव एसपी ने कहा, ‘ग्रामीणों और कुछ उपद्रवियों ने यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों और उनके वाहनों पर हमला किया था। यूपीएसआईडीसी ने 8 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।’
उन्नाव के एसपी का कहना है, ‘कुछ उपद्रवियों ने बाद में पुलिस पार्टी पर गोलियां चलाईं और पथराव किया। 5 पुलिस वाले घायल हो गए। पुलिस ने 30 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच चल रही है। 5 लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।’
वहीं, आज एक वाहन में आग लगा दी गई। जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) ने कहा, ‘कुछ बदमाश ऐसा कर रहे हैं। हम गांवों में जाएंगे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करेंगे। यह उपद्रवियों का काम है। हम शांति बनाए रखेंगे और ट्रांस गंगा सिटी परियोजना का काम भी चलेगा।’
बताते चलें कि शनिवार को किसानों और पुलिस के बीच छह घंटे तक भीषण संघर्ष चला था। ट्रांसगंगा सिटी के लिए यूपीसीडा अधिग्रहित 1144 एकड़ भूमि के कब्जे का विरोध कर रहे किसानों और पुलिस के बीच जमकर बवाल हुआ था। किसानों की ओर से किए गए पथराव पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। पथराव में एएसपी, सीओ सिटी और एक दरोगा सहित सात पुलिस कर्मियों को चोटें आईं तो वहीं, लाठीचार्ज और भगदड़ में 12 से अधिक किसान भी घायल हुए।